काशी की तरह भव्य होगा विंध्यवासिनी धाम

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि विंध्य कॉरिडोर का निर्माण होने के बाद जगविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम काशी विश्वनाथ काॅरिडोर की तरह भव्य दिखेगा और धार्मिक पर्यटन केंद्र बनेगा। भक्तों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर की झलक देख राज्यपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट की काफी सराहना की।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल पत्नी संग गुरुवार को मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने विंध्य दरबार आए थे। विंध्यधाम पहुंचते ही क्षेत्रीय नेताओं ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पुरानी वीआईपी मार्ग से गर्भगृह पहुंच मां विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन-पूजन किया। आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी के चरणों के शीश नवाया और आशीष मांगा। साथ ही देश व समाज के उत्थान की कामना की।

दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों, 140 करोड़ जनता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अभियान की सफलता देखने वालों को बधाई दी। कहा कि तमाम लोग अपने स्थान पर रहकर यज्ञ, हवन और पूजन कर रहे थे। सकारात्मक ऊर्जा के चलते भारत का मिशन चंद्रयान-3 सफल रहा।

राज्यपाल ने कहा कि इसरो के वैज्ञानिकों की मेहनत से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत विश्व का पहला देश बन गया है। राज्यपाल ने कहा कि चंद्रयान-2 की विफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निरंतर इसरो के वैज्ञानिकों से संपर्क बनाए रहे। वह सफलता के लिए बराबर प्रोत्साहित करते रहे। इसका परिणाम रहा कि भारत का चंद्रयान-3 सफल रहा।