भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी के सात नेताओं को मिली जगह

डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेई और तारिक मंसूर बने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

– राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकश का केंद्र हुआ लखनऊ

 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी टीम की घोषणा की है। भाजपा की केंद्रीय टीम में उत्तर प्रदेश के सात नेताओं को जगह दी गई है। उत्तर प्रदेश से तीन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, दो राष्ट्रीय महामंत्री व एक राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के रहने वाले कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल को भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेई, सांसद रेखा वर्मा और विधान परिषद सदस्य तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इसी तरह अरुण सिंह और गोरखपुर के राधा मोहन दास अग्रवाल को भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। इसके अलावा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

शिव प्रकाश का केंद्र हुआ लखनऊ

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश का केंद्र लखनऊ घोषित किया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए शिव प्रकाश का केंद्र बदला गया है। शिव प्रकाश भाजपा में आने से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक रहे हैं। उत्तर प्रदेश की वह अच्छी समझ रखते हैं। पहले भी उनका केंद्र लखनऊ रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश के नेताओं को केंद्रीय टीम में शामिल करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया है और प्रदेश के नेताओं को शुभकामनाएं दी है शुभकामनाएं दी है।