आजाद सेतु से गंगा में कूदी महिला को नाविकों ने बचाया

प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र में शहीद चंद्रशेखर आजाद ब्रिज से बृहस्पतिवार को एक महिला ने छलांग लगा दी। पुल के नीचे मौजूद नाविकों ने देखा तो उसे बचाने के लिए दौड़े। कुछ देर में महिला को नाविक बचाकर बाहर ले आए। पुलिस ने महिला को इलाज के लिए भेज दिया।
महिला ने होश आने पर बताया कि उसने अपने पति के किसी और महिला के साथ अफेयर से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाया है। वह जीना नहीं चाहती है। फाफामऊ पुलिस के मुताबिक प्रतापगढ़ जनपद के रानीगंज इलाके की रहने वाली आरती देवी पत्नी विनोद कुमार गुरुवार को पूर्वान्ह करीब 11:00 बजे चंद्रशेखर आजाद सेतु पर पहुंची।
कुछ देर टहलने के बाद सीधे रेलिंग पर चढ़कर गंगा में छलांग लगा दी। संयोग अच्छा था कि नाविकों ने बचा लिया। थाना प्रभारी अश्विनी सिंह ने बताया कि उसके घरवालों को सूचना दे दी गई है। वो लोग आ रहे हैं। महिला को बेली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।