गीता कॉलोनी में टुकड़ों में मिली लड़की की लाश, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली में गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास एक लड़की का कटा हुआ शव मिला। इस घटना ने आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को यह सूचना बुधवार सुबह करीब 9.15 बजे मिली। प्रारंभिक जांच के अनुसार दो काले पॉलिथीन बैग मिले हैं। एक पॉलिथीन में शरीर का सिर है और दूसरे पॉलिथीन में शरीर के अन्य हिस्से हैं। पुलिस ने कोतवाली थाने में 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। आगे के सबूतों के लिए इलाके की तलाशी की जा रही है।

ज्वाइंट सीपी, सेंट्रल रेंज परमादित्य ने कहा कि दो काले पॉलीथिन बैग मिले हैं। एक पॉलिथीन में शरीर का सिर है और दूसरे पॉलिथीन में शरीर के अन्य हिस्से हैं। लंबे बालों के आधार पर हम यह मान रहे हैं कि यह किसी महिला का शव है। अभी तक इसकी पहचान नहीं हो पाई है, जांच जारी है। महिला की उम्र करीब 35-40 साल लग रही है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यमुना खादर इलाके में गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास दो अलग-अलग जगहों पर एक व्यक्ति के अवशेष मिले हैं। एफएसएल और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रथम दृष्टया यह करीब 35 से 40 साल के व्यक्ति का शव है।