पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी समेत सपा बसपा कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी है। सोमवार को पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी व जगदीश सोनकर समेत सपा, बसपा और कांग्रेस कई नेता भाजपा में शामिल हुए।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में पूर्व सांसद अंशुल वर्मा, पूर्व विधायक गुलाब सरोज, वाराणसी से सपा से लोकसभा की प्रत्याशी रहीं डाॅ. शालिनी यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यपाल यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता यादव, ब्लाक प्रमुख शिवानी यादव और डाॅ. सुषमा पटेल सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं।

इसी तरह कांग्रेस नेता राजीव बख्शी, बसपा से रवी भरद्वाज और गंगाधर कुशवाहा, सपा से डाॅ. पियूष यादव, योगेश यादव, पुष्पेन्द्र पासी, शिवांस सैनी और महेन्द्र प्रताप सैनी ने भाजपा की सदस्ता ली। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी इन सभी नेताओं को पटका पहनाकर स्वागत किया। नेताओं का स्वागत करते हुए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर 2024 के संपकल्प को पूरा करेंगे और मोदी व योगी के नेतृत्व में भाजपा की विकास यात्रा आगे ले जाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 80 में 80 लोकसभा सीटें हम लोग जीतेंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षियों की जमानत नहीं बचेगी। विपक्ष चाहे जितना गठबंधन बना ले लेकिन 2024 में हम 80 में 80 सीट जीतकर मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर देश को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मोदी सरकार ने जन-जन का विश्वास जीता है। पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यकों, सबके दिलों में प्रधानमंत्री ने जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का परिदृश्य अब पूरी तरह बदल चुका है।