अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने पिता की अस्थियों को गंगा में किया विसर्जित

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने शुक्रवार को अस्सी घाट से नाव पर सवार होकर बीच गंगा नदी में अपने पिता की अस्थियों को विसर्जित किया। इसके पहले अस्सी घाट पर वेब सीरीज मिर्जापुर के कालीन भैया का किरदार निभा कर चर्चा में आए पंकज त्रिपाठी ने विधि-विधान से तीर्थ पुरोहित बलराम मिश्रा के नेतृत्व में पिता की आत्मा की शांति के लिए पूजन कराकर श्राद्ध किया। इस दौरान अभिनेता को देखने के लिए युवाओं की भीड़ जुटी रही। प्रशंसकों की भीड़ से बचने के लिए पंकज त्रिपाठी ने सिर पर सफेद गमछा, चेहरे पर मास्क लगाया था। शांतिपाठ के दौरान अभिनेता के साथ उनके परिजन भी आए थे। अभिनेता के पिता का निधन 22 अगस्त को हुआ था। पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी 98 वर्ष के थे और कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। अपने पिता के निधन से अभिनेता भावुक और बेहद शांत नजर आ रहे थे। पिता की अस्थियों को प्रवाहित करने के बाद अभिनेता ने मां गंगा काे प्रणाम किया और अस्सी स्थित मां गंगा सेवा समिति कार्यालय में बैठकर चाय की चुस्की ली। चाय उन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने एक कुल्हड़ और चाय पी। इसके बाद बिहार के गोपालगंज स्थित घर के लिए रवाना हो गए।